रबड़ी लस्सी लखनऊ की प्रसिद्ध मीठा ठंडा पेय है। वैसे तो मीठी लस्सी पंजाब में ज्यादा प्रख्यात है और आजकल गर्मियों के गरम लू वाले मौसम में बाजारों में विविध प्रकार के लस्सी बिकते हैं जैसे कि सादी लस्सी, रोज लस्सी, स्ट्रॉबेरी लस्सी, मैंगो लस्सी इत्यादि। लेकिन रबड़ी लस्सी बाकी सभी लस्सी से स्वाद में एकदम अलग, बहुत ही स्वादिष्ट होता है। गर्मियों के मौसम में अगर अचानक से घर में मेहमान आ जाएं और आपको उन्हें कुछ ठंडा पेय सर्व करना है तो आप इस तरीके से रबड़ी लस्सी जरूर बनाएं। यह लस्सी बहुत ही आसानी से बनकर तैयार हो जाता है। तो आइए यह रबड़ी लस्सी बनाना हम शुरू करते हैं…

सामग्री (Ingredients) –

  • Full cream milk फुल क्रीम दूध – 2 लीटर
  • Sugar चीनी – 50 + 100 ग्राम
  • Curd दही – दो चम्मच
  • Some chopped dry fruits कटे हुए कुछ मेवा

रबड़ी लस्सी बनाने की विधि (How to make Rabdi lassi recipe) –

  • लस्सी बनाने के लिए सबसे पहले पूरे 2 लीटर दूध को गैस पर रखकर अच्छे से उबाल लीजिए।
  • दूध को उबालने के बाद अब 1 लीटर दूध को दही जमाने के लिए एक बर्तन में अलग निकालकर हल्का गुनगुना ठंडा होने के लिए रख दें।
  • अब बचे हुए 1 लीटर दूध को कड़ाही में डालें और इसे हल्के तेज आंच पर बराबर चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक कि दूध अच्छे से गाढ़ा होकर रबड़ी ना बन जाए। ध्यान रखें जब दूध गाढ़ा होने लगे तब इसे चलाना बिल्कुल ना छोड़े, क्योंकि गाढ़ा होने के बाद दूध कड़ाही की तली पर जलने लगते हैं।
  • दूध का रबड़ी बनाने के बाद इसमें चीनी डालकर अच्छे से घुलने तक पकाएं और फिर गैस को बंद करके रबड़ी को एक गहरे बर्तन में निकाल लीजिए।
  • इसके बाद रबड़ी को अच्छे से ठंडा होने के लिए फ्रिज में रख दें।
  • अब दही जमाने के लिए दूध हल्का ठंडा होने के बाद इसमें दो चम्मच फेंटी हुई दही डालकर मिलाएं।
  • इसके बाद दूध को घर में किसी गर्म जगह पर 3 से 4 घंटे के लिए ढककर रखें ताकि दही एकदम थक्केदार अच्छे से जम जाए।
  • लगभग 4 घंटे में दही जमने के बाद अब इसे 1 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें, इससे दही ठंडी होकर और थक्केदार हो जाएगी।
  • इसके बाद अब लस्सी बनाने के लिए दही में अपने हिसाब से चीनी डालकर मिलाएं और फिर दही को मथनी से 2 से 3 मिनट तक अच्छे से फेंट लें। आप चाहे तो इसमें बर्फ के टुकड़े (आइस क्यूब) भी डाल सकते हैं।
  • अब लस्सी को सर्व करने के लिए पहले कुल्हड़ या गिलास में लस्सी को डालें। इसके बाद ऊपर से लगभग एक बड़े चम्मच ठंडी ठंडी रबड़ी को डालें।
  • फिर उसके ऊपर से कटे हुए मेवा (जैसे- काजू, बादाम, किशमिश, पिस्ता) डालकर सजाएं।
  • अब रबड़ी लस्सी पूरी तरह से बनकर पीने और खाने के लिए तैयार है। क्योंकि इसमें रबड़ी हैं तो आप चाहे रबड़ी लस्सी को चम्मच से उठाकर खाएं।

सुझाव (Suggestion) –

  • ध्यान रखें सबसे खास बात- दही को 3 से 4 घंटे तक गर्म जगह पर जमने के लिए रख देने के बाद उसे बार-बार हिला कर ना देखें अन्यथा दही नहीं जमेगी।
  • लस्सी के लिए खट्टी दही बिल्कुल ना लें, नहीं तो लस्सी भी खट्टी बनेगी।
  • मलाईदार लस्सी बनाने के लिए फुल क्रीम दूध का ही इस्तेमाल करें।
  • गाढ़ा लस्सी बनाने के लिए मथनी या फिर हैंड ब्लेंडर का ही उपयोग करें, क्योंकि इलेक्ट्रिक बीटर से लस्सी पतला हो जाता है।
  • लस्सी और रबड़ी में चीनी को आप अपने हिसाब से कम या ज्यादा कर सकते हैं।
  • अगर लस्सी आपको ज्यादा ठंडा पीना पसंद है तो आप दही को फेंटते समय उसमें बर्फ के टुकड़े डाल दें।
1 Star2 Stars3 Stars4 Stars5 Stars (1 votes, average: 4.00 out of 5)
Loading...